भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि चुनावों में की गई 10 गारंटियां पूरी तरह जुमला साबित हुई हैं, जिससे हिमाचल की जनता आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

नालागढ़ विधानसभा के रामशहर और नालागढ़ शहर मंडल में आयोजित ‘अपना बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के बाद एक भी गारंटी को जमीन पर लागू नहीं कर सकी। प्रदेश का युवा आज भी रोजगार का इंतजार कर रहा है, जबकि सरकार केवल चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने में जुटी है।

उन्होंने कहा कि 28 लाख बहनें आज भी 1500 रुपये प्रतिमाह सहायता राशि की राह देख रही हैं, लेकिन कांग्रेस के वादे सिर्फ घोषणाओं तक सीमित रह गए हैं। इससे महिलाओं में भारी आक्रोश और निराशा है।

श्रीकांत शर्मा ने स्पष्ट किया कि भाजपा का हर कार्यकर्ता बूथ स्तर से घर-घर जाकर कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों और झूठे वादों को उजागर करेगा, ताकि जनता को सच्चाई से अवगत कराया जा सके।

कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!