अर्की विधानसभा क्षेत्र में आज एक प्रेरणादायक क्षण सामने आया जब संत निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारम्भ क्षेत्रीय विधायक संजय अवस्थी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “रक्तदान एक महादान है जो ज़रूरतमंदों के लिए एक सच्चा उपहार साबित होता है।”

संजय अवस्थी ने अपने संबोधन में बताया कि एक रक्तदाता के द्वारा दिया गया रक्त हर दिन हजारों लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने कहा कि यह न केवल समाज के लिए उपयोगी है, बल्कि स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।

संत निरंकारी मिशन वर्ष 1987 से अब तक 9000 से अधिक रक्तदान शिविरों का आयोजन कर चुका है। इन शिविरों में 14 लाख से अधिक लोगों ने रक्तदान किया है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि संस्था का योगदान केवल सेवा भाव तक सीमित नहीं, बल्कि यह एक सशक्त सामाजिक आंदोलन बन चुका है।

संजय अवस्थी ने मिशन द्वारा कोविड महामारी के दौरान किए गए सेवाभावी कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व भय और संकट में था, उस समय संत निरंकारी मिशन के स्वयंसेवक लोगों की सेवा में अग्रसर थे

इस अवसर पर विधायक ने संस्था को 11,000 रुपये की आर्थिक सहायता और संस्था परिसर में 10 सोलर लाइट्स लगाने की घोषणा की। यह पहल संस्था की सुविधाओं को बेहतर बनाएगी और ऊर्जा संरक्षण में भी सहायक होगी।

कार्यक्रम में संत निरंकारी मंडल दाड़लाघाट के संयोजक विद्यासागर ठाकुर ने बताया कि यह शिविर मानवता की सेवा भावना के अंतर्गत निरंतर आयोजित किए जाते हैं। इस शिविर में तहसीलदार अर्की विपिन शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता संदीप शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, रक्तदाता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!