हिमाचल प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में सोलन जिला के कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायत नगाली में 65 लाख रुपये की लागत से बने बहुउद्देशीय पंचायत भवन का लोकार्पण स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मंत्री महोदय ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के भवन ग्रामीणों को एक ही परिसर में अनेक प्रकार की सुविधाएं प्रदान करेंगे। यह पंचायत भवन प्रशासनिक कार्यों को सहज, पारदर्शी और प्रभावी बनाने में एक अहम भूमिका निभाएगा।

डॉ. शांडिल ने बताया कि ग्राम पंचायत ही विकास की बुनियादी इकाई है और इस स्तर पर की गई योजनाएं सीधे आम जनता तक पहुंचती हैं। इसीलिए प्रदेश सरकार इन पंचायत भवनों को बहुउद्देशीय स्वरूप दे रही है ताकि एक ही स्थान पर स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, कल्याण और पंचायत कार्यों से जुड़ी सेवाएं प्रदान की जा सकें

उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने की अपील की और पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

साथ ही डॉ. शांडिल ने यह भी जानकारी दी कि सोलन विधानसभा क्षेत्र में ₹16 करोड़ की लागत से नया नागरिक अस्पताल कण्डाघाट में तथा ₹100 करोड़ की लागत से सोलन में बहुउद्देशीय अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। चायल अस्पताल में भी शीघ्र अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू की जाएगी और रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा।

इस अवसर पर मंत्री महोदय ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को ₹5100 की ऐच्छिक निधि से राशि देने की घोषणा की।

उपस्थित जनसमूह में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, विभिन्न विभागों के अधिकारी, और ग्रामीण शामिल थे।

error: Content is protected !!