अक्सर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को दूध पीने की सलाह दी जाती है, क्योंकि यह कैल्शियम, प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्वों का बेहतरीन स्रोत है। लेकिन क्या दूध पीने से खून भी बढ़ता है?
डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, दूध सीधे तौर पर खून का स्तर नहीं बढ़ाता। यह रेड ब्लड सेल्स के उत्पादन में मदद नहीं करता, इसलिए एनीमिया या खून की कमी से जूझ रहे लोगों को केवल दूध पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
खून बढ़ाने के लिए आयरन युक्त फूड्स जैसे अनार, चुकंदर, दालें, फलियां, नट्स और सीड्स को विटामिन-सी रिच फूड्स जैसे खट्टे फल और बेल पेपर के साथ डाइट में शामिल करना जरूरी है। विटामिन-सी, आयरन के अवशोषण को बढ़ाने में मदद करता है।
दूध में भरपूर कैल्शियम होता है, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाता है। इसमें मौजूद प्रोटीन मांसपेशियों की ग्रोथ और रिपेयर में मदद करता है। फॉस्फोरस कैल्शियम के साथ मिलकर हड्डियों को स्वस्थ रखता है। इसके अलावा दूध विटामिन-ए और विटामिन-डी का भी अच्छा स्रोत है, जो इम्यूनिटी को बढ़ाने, स्किन और आंखों की सेहत बनाए रखने और कैल्शियम के अवशोषण में मदद करते हैं।
संक्षेप में, दूध से शरीर को कई पोषण लाभ मिलते हैं, लेकिन खून बढ़ाने के लिए आयरन और विटामिन-सी युक्त खाद्य पदार्थ डाइट में जरूर शामिल करें।
