हिमाचल प्रदेश में वर्तमान शैक्षणिक सत्र के दौरान जिन शिक्षकों का ग्रीष्मकालीन स्कूलों से शीतकालीन स्कूलों में स्थानांतरण हुआ है और जो पहले ही गर्मियों की छुट्टियों का लाभ ले चुके हैं, उन्हें शीतकालीन अवकाश नहीं मिलेगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि ऐसे शिक्षक 1 जनवरी 2026 से मध्य फरवरी 2026 तक भी सेवाएं देंगे।
इन शिक्षकों को शैक्षणिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ग्रीष्मकालीन स्कूलों से सटे शीतकालीन स्कूलों में प्रतिनियुक्त किया जाएगा। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा उपनिदेशकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और संबंधित शिक्षकों की सूची तैयार करने को कहा गया है। शिक्षा निदेशालय का यह फैसला विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो, इसे सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
