स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने प्रदेश सरकार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को लेकर की जा रही पहलों का ज़िक्र करते हुए कहा कि सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

डॉ. शांडिल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोट में 22 लाख रुपए से अधिक की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने ग्राम पंचायत कोट में 15 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित पंचवटी पार्क, 3.50 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन कटोह तथा 3.50 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन लछोग का लोकार्पण किया।

मंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के तहत पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में 12,095 लाभार्थियों को 28 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी सुखाश्रय योजना के तहत 6,000 बेसहारा बच्चों को “चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट” के रूप में अपनाकर उनका भविष्य सुरक्षित किया गया है। इसी प्रकार, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 19,479 विधवा, निराश्रित और दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों को प्रतिमाह 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए गाय के दूध पर 51 रुपए और भैंस के दूध पर 61 रुपए प्रति लीटर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू किया है। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने दूध पर MSP प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए और भी कई प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके अलावा, स्वास्थ्य मंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश की शिक्षा क्षेत्र की रैंकिंग 21वें से बढ़कर पांचवें स्थान पर आ गई है। सरकार ने 100 सरकारी स्कूलों में सी.बी.एस.ई. पाठ्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया है और 20 विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। यह सभी छात्राओं और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

जनसभा के दौरान डॉ. शांडिल ने क्षेत्र की समस्याओं को सुना और आगामी वित्त वर्ष में नए बजट में सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 21,000 रुपए की धनराशि अपनी ऐच्छिक निधि से देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत कोट के पूर्व उप प्रधान बिशन दत्त शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया, जबकि प्रधान चंपा देवी ने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में कर्नल संजय शांडिल, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट गोपाल शर्मा, खंड विकास अधिकारी कंडाघाट राजेश ठाकुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट के प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह सहित स्थानीय ग्रामीण और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

संघोई, घुमारों और मांगू गांव में प्रभावितों को देनदारियां जल्द प्रदान करें

हिमाचल की बेटी बनी अमेरिका की ‘यंग एंबैसेडर’

error: Content is protected !!