विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि चिट्टे जैसे नशीले पदार्थों पर अंकुश लगाने और युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने यह बात आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बायला में राजकीय उच्च पाठशाला में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही।
इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने पहले विद्यालय परिसर में 8 लाख रुपए की लागत से बने नवनिर्मित परीक्षा हॉल का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने चिट्टे के विरुद्ध व्यापक अभियान शुरू किया है और सभी नागरिकों से आग्रह किया कि इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समस्या के समाधान में सहयोग करें।
संजय अवस्थी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह न केवल उनके परिश्रम का सम्मान है, बल्कि उन्हें और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि अध्यापक व अभिभावकों का योगदान बच्चों को नैतिक मूल्यों से परिचित कराने में अहम है।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को देश और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति से रू-ब-रू कराएं ताकि वे संस्कृति से प्रेरणा लेकर भविष्य में उत्तरदायी नागरिक बन सकें।
विधायक ने प्रदेश में शिक्षा के सुधारों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल की स्थापना से छात्रों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने परगना रामपुर में सी.बी.एस.ई पाठ्यक्रम सम्बद्ध राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल शुरू करने का आश्वासन भी दिया।

संजय अवस्थी ने ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिकी में कृषि, बागवानी और दुग्ध उत्पादन के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में रिकॉर्ड वृद्धि की है और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे कृषि, बागवानी और दुग्ध उत्पादन के आधुनिक तरीकों से खुद को परिचित करें, ताकि यह क्षेत्र भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के लिए बेहतर साधन बन सके।
इस अवसर पर उन्होंने राजकीय उच्च पाठशाला बायला के नवनिर्मित परीक्षा हॉल में संरचना और सुरक्षा दीवार के लिए 3 लाख रुपए तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला बायला के भवन की मरम्मत के लिए 4 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त आयोजक समिति को 21 हजार रुपए और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 2,100 रुपए देने की भी घोषणा की।
विद्यालय के मुख्याध्यापक सुन्दर सिंह ठाकुर ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
संजय अवस्थी ने तदोपरांत ‘विधायक गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश सरकार और जनता के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना और सरकारी नीतियों व योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाना है।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कुमार विक्की, ग्राम पंचायत बायला की प्रधान रचना देवी, ग्राम पंचायत दिग्गल के प्रधान पवन कौशल, ग्राम पंचायत चमदार के प्रधान करमचंद, ग्राम पंचायत बायला के उप-प्रधान नरेश ठाकुर, ग्राम पंचायत बदोखरी के उप-प्रधान रणजीत सिंह, और विभिन्न विभागों के अधिकारी व ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
