अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि छात्रों के उज्ज्वल और सफल भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करना अत्यंत आवश्यक है। लक्ष्य तय होने से विद्यार्थी न केवल एकाग्र होकर कार्य योजना बनाते हैं, बल्कि सकारात्मक दिशा में आगे बढ़कर समाज के विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विधायक आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दानोंघाट सहित क्लस्टर के 08 विद्यालयों के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।इससे पूर्व संजय अवस्थी ने 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित पटवार वृत्त दानोंघाट भवन का विधिवत लोकार्पण किया।

छात्रों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि आज नशा एक गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुका है। इससे निपटने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ अधिक समय बिताएं, उनकी संगत और गतिविधियों पर ध्यान दें ताकि वे किसी भी प्रकार की गलत आदत का शिकार न हों।

संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश आज शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में पांचवें स्थान पर पहुंच चुका है, जो सरकार के सकारात्मक प्रयासों, शिक्षकों की मेहनत और छात्रों के परिश्रम का परिणाम है।

विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि दानोंघाट से सेरी सड़क मार्ग के लिए 34.67 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि दानोंघाट से साझाहाड़ा सड़क मार्ग के लिए लगभग 07 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हो चुकी है, जिसका कार्य शीघ्र आरंभ होगा। इसके अतिरिक्त गत वर्षों में ग्राम पंचायत दानोंघाट में विकास कार्यों के लिए लगभग 50 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है।

इस अवसर पर विधायक ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यालय के परीक्षा भवन, शौचालय एवं टाइल कार्य के लिए 08 लाख रुपये, खेल मैदान के विस्तारीकरण के लिए 03 लाख रुपये तथा कबड्डी मैट के लिए 2.5 लाख रुपये देने की घोषणा की।

इसके अलावा ग्राम पंचायत दानोंघाट में सामुदायिक भवन के अतिरिक्त निर्माण कार्य के लिए 01 लाख रुपये, मेला मैदान में इंटरलॉक टाइल कार्य के लिए 01 लाख रुपये, आयोजन समिति को 21 हजार रुपये तथा छात्रों के लिए 2100 रुपये देने की घोषणा की गई। विधायक ने फुट ब्रिज निर्माण के लिए प्राक्कलन के आधार पर पूरी राशि देने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। संजय अवस्थी ने उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।उन्होंने इस अवसर पर सभी जिला व प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दानोंघाट की प्रधान मंजू ठाकुर, विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, अभिभावक, छात्र एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

डॉ. शांडिल ने जिलावासियों को दी नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं
कुठाड़ चिडू का पानी मन्दिर में भंडारा 01 जनवरी 2026 को
उपायुक्त सोलन ने दी नव वर्ष की शुभकामनाएं
error: Content is protected !!