लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मौसम ने करवट ले ली और नववर्ष का जश्न मनाने मनाली पहुंचे पर्यटकों पर पूरी तरह मेहरबान हो गया। रोहतांग दर्रे समेत शिंकुला और बारालाचा की ऊंची चोटियों पर शुक्रवार सुबह से ही हिमपात का दौर शुरू हो गया। शाम होते-होते अटल टनल, कोकसर, सिस्सु और अंजनी महादेव जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर भी बर्फ के फाहे गिरने लगे।

नव वर्ष का स्वागत करने हिमाचल पहुंचे पर्यटक इस सुहावने मौसम और आसमान से गिरती बर्फ को देखकर बेहद उत्साहित नजर आए। चारों ओर सफेद चादर से ढकी वादियों ने मनाली की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए।

रोहतांग और शिंकुला दर्रे बंद, पर्यटक मढ़ी तक सीमित

ताजा बर्फबारी के चलते सुरक्षा कारणों से आज पर्यटकों को रोहतांग और शिंकुला दर्रे तक जाने की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि रोहतांग के लिए कुल 932 परमिट बुक किए गए थे, जिनमें डीजल और पेट्रोल इंजन वाहन शामिल थे, लेकिन पर्यटक मढ़ी तक ही पहुंच सके। वहीं शिंकुला की ओर गए सैलानी भी करीब 20 किलोमीटर पहले जांस्कर समदो पर्यटन स्थल तक ही सीमित रहे।

मढ़ी के पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि भले ही पर्यटक रोहतांग नहीं पहुंच पाए, लेकिन गुलाबा से मढ़ी तक गिरती बर्फ का नजारा उनके लिए यादगार बन गया।

अटल टनल और कोकसर में उमड़ा सैलानियों का सैलाब

अटल टनल और कोकसर क्षेत्र में दिनभर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के अनुसार 3000 से अधिक वाहन अटल टनल के जरिए लाहौल घाटी में दाखिल हुए। सैलानियों ने गुलाबा, मढ़ी, धुंधी, सिस्सु और अटल टनल के साउथ व नॉर्थ पोर्टल पर बर्फ में जमकर मस्ती की और इन खूबसूरत पलों को कैमरों में कैद किया।

प्रशासन सतर्क, मौसम पर रहेगी नजर

एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने बताया कि रोहतांग सहित कुल्लू-मनाली और लाहौल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि इस ताजा हिमपात ने सैलानियों की नववर्ष की खुशियों को दोगुना कर दिया है। हालांकि भारी बर्फबारी के चलते रोहतांग फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद रखा गया है और आगामी दिनों में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगी।

कुठाड़ चिडू का पानी मन्दिर में भंडारा 01 जनवरी 2026 को
उपायुक्त सोलन ने दी नव वर्ष की शुभकामनाएं
06 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू 06 जनवरी 2026 को
error: Content is protected !!