
ड्रैगन बोट हिमाचल प्रदेश एंड ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य महासचिव रितेश आहलूवालिया ने की, जबकि बैठक में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान राज्य उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार कसाना एवं राज्य महासचिव रितेश आहलूवालिया ने प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार को पुष्पगुच्छ एवं हिमाचली टोपी भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश में वाटर स्पोर्ट्स को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत और सार्थक चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि ड्रैगन बोट इंडिया एंड ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन के अंतर्गत वर्ष 2026 में गोबिंद सागर झील, बिलासपुर में राष्ट्रीय ड्रैगन बोट चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के लगभग सभी राज्यों की टीमों के साथ-साथ सीआरपीएफ, रेलवे, बीएसएफ और भारतीय सेना की टीमें भी भाग लेंगी।
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में करीब 600 सीनियर महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जो 1000 मीटर, 500 मीटर और 200 मीटर की विभिन्न रेस श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी माह के प्रथम सप्ताह में ड्रैगन बोट्स दक्षिण भारत से बिलासपुर स्थित गोबिंद सागर झील में पहुंच जाएंगी। साथ ही हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को वाटर स्पोर्ट्स का नि:शुल्क प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रदेश में जल क्रीड़ा को नई पहचान मिल सके।
बैठक में एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी अभय पराशर, मोहित शर्मा, दिव्यांगना, मीना शर्मा, वंदना ठाकुर और दानिश भी मौजूद रहे।
