हिमाचल प्रदेश के उपभोक्ताओं के लिए नए साल की शुरुआत राहत भरी खबर लेकर आई है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामकीय बोर्ड (PNGRB) द्वारा एकीकृत शुल्क में संशोधन के बाद थिंक गैस कंपनी ने कांगड़ा जिले में सीएनजी के दाम घटाने की घोषणा की है। संशोधित दरें 1 जनवरी 2026 से लागू हो गई हैं।

नए शुल्क ढांचे के तहत अब कांगड़ा में सीएनजी 83.75 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध होगी। कीमतों में इस कटौती से आम जनता को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।

यात्रियों और वाहन चालकों को मिलेगा सीधा लाभ

सीएनजी सस्ती होने से रोजाना दफ्तर और दुकानों के लिए आने-जाने वाले लोगों, ऑटो चालकों, टैक्सी ऑपरेटरों और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। इससे परिवहन ईंधन पहले की तुलना में अधिक किफायती हो जाएगा और ईंधन खर्च में बचत होगी।

PNG उपभोक्ताओं को भी राहत

थिंक गैस के चीफ मार्केटिंग एवं कमर्शियल ऑफिसर विनु कुमार बालकृष्णन ने बताया कि पीएनजीआरबी द्वारा एकीकृत शुल्क में संशोधन से कंपनी उपभोक्ताओं को बेहतर कीमत पर गैस उपलब्ध करवा पा रही है। इस फैसले से न केवल सीएनजी उपभोक्ताओं को लाभ होगा, बल्कि घरेलू पीएनजी उपभोक्ताओं के रसोई खर्च में भी कमी आएगी।

उन्होंने कहा कि इस संशोधन से पीएनजी की कीमतों में लगभग 5 से 6 प्रतिशत तक बचत होने की संभावना है, जिससे यह अन्य ईंधनों की तुलना में एक मजबूत और किफायती विकल्प बनकर उभरेगा।

जागरूकता अभियान चलाएगी थिंक गैस

थिंक गैस ने कांगड़ा क्षेत्र में पीएनजी और सीएनजी के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न ग्राहक जागरूकता और आउटरीच गतिविधियां संचालित करने की योजना भी बनाई है। कंपनी का उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती ईंधन से जोड़ना है।

HRTC की नई इलेक्ट्रिक बसें: एक चार्ज में 250 KM सफर
लोक सेवा आयोग पर्सनैलिटी टेस्ट रिजल्ट घोषित
error: Content is protected !!