राज्य सरकार करुणामूलक आधार पर पात्र परिवारों को रोजगार प्रदान करने के लिए प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में जल शक्ति विभाग में करुणामूलक आधार पर कुल 419 नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को शिमला में दी।
उन्होंने बताया कि इन नियुक्तियों में श्रेणी-3 के जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के 100 पद तथा मल्टी-टास्क वर्कर (MTW) के 319 पद शामिल हैं। इस संबंध में सचिव, जल शक्ति विभाग द्वारा इंजीनियर-इन-चीफ को आवश्यक पत्र जारी कर दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा के दौरान दिवंगत हुए कर्मचारियों के आश्रितों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए सरकार संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण अपना रही है। इससे प्रभावित परिवारों को दीर्घकालीन आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार प्रदान करना नहीं है, बल्कि राज्य की सेवा करने वाले कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करते हुए उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करना भी है। आश्रितों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह कदम मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और व्यापक प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण है। वर्तमान सरकार के इस निर्णय से पिछली भाजपा सरकार के दौरान लंबित करुणामूलक नियुक्तियों के मामलों का बैकलॉग समाप्त किया जा रहा है। जहां पहले इन मामलों को वर्षों तक लंबित रखा गया, वहीं मौजूदा सरकार ने इंतजार खत्म कर पात्र लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाया है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा अन्य विभागों में भी करुणामूलक नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें शिक्षा विभाग में 127, गृह विभाग में 74 तथा अभियोजन विभाग में एक पद शामिल है।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार पूर्व कर्मचारियों के योगदान को सम्मान देते हुए उनके परिजनों के सुरक्षित और सशक्त भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
