हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बेड़े को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश सरकार 297 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने जा रही है।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत पहली प्रोटोटाइप इलेक्ट्रिक बस हैदराबाद से सोलन पहुंच चुकी है। आगामी दो दिनों में इस ई-बस का सोलन-शिमला मार्ग पर ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य रूटों और एचआरटीसी डिपुओं में भी ट्रायल शुरू होंगे।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण में कमी, डीज़ल पर निर्भरता घटेगी और एचआरटीसी की परिचालन लागत में उल्लेखनीय बचत होगी। इससे निगम की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
सरकार द्वारा प्रदेश भर में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी तेजी से विकसित किया जा रहा है, जिससे ई-बसों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। यह पहल यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक परिवहन सुविधा प्रदान करेगी।
