हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। हरिपुरधार क्षेत्र में एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार “जीत कोच” नामक निजी बस सोलन से कुपवी की ओर जा रही थी। हरिपुरधार के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस खाई में लुढ़क गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की पुष्टि रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार ने की है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, कुछ यात्रियों को रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
