22 जनवरी, 2026 को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक की तैयारियों को लेकर सोलन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन ने की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की भूमिका केवल समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि विकास कार्यों को समय पर पूरा करना भी उतना ही आवश्यक है। समयबद्ध कार्यों से जहां सरकारी धन की बचत होती है, वहीं नागरिकों को समय पर सुविधाएं भी मिलती हैं।

एडीसी राहुल जैन ने सभी विभागों को सार्वजनिक शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश सरकार के निर्णय अनुसार चकौता धारकों को भूमि का मालिकाना हक देने से जुड़े मामलों को तय समयसीमा में निपटाने पर विशेष जोर दिया।

इसके अलावा सोलन शहर व आसपास के क्षेत्रों में फल और सब्जी विक्रेताओं द्वारा मूल्य सूची प्रदर्शित करने तथा नियमित निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, हिमाचल पथ परिवहन निगम और राजस्व विभाग से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त एकता कापटा, परिवीक्षाधीन अधिकारी आस्था, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!