अप्रैल के महीने में जहां आमतौर पर गर्मी की शुरुआत हो जाती है, वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया है। लगातार हो रही बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते प्रदेश में एक बार फिर ठंड लौट आई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग फिर से सर्दियों जैसे कपड़े पहनने को मजबूर हो गए हैं।
राजधानी शिमला में ठंड का असर साफ देखने को मिल रहा है। यहां लोगों ने फिर से जैकेट और गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने ठंड को और बढ़ा दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार, लाहौल-स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान -0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिससे दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।
बर्फबारी की बात करें तो खदराला में 5 सेंटीमीटर, गोंदला में 2 सेंटीमीटर और केलांग में 1 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा सुंदरनगर, शिमला और जोत क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि शिमला में ओलावृष्टि ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।

मौसम विभाग ने 10 से 12 अप्रैल के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। हालांकि 13 अप्रैल के बाद मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को राहत मिल सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले 4 से 5 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 9 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि अधिकतम तापमान में भी 3 से 8 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है।
