काल्पनिक छायाचित्र

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में न्याय से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जिला एवं सत्र न्यायालय सोलन परिसर सहित कण्डाघाट, अर्की, कसौली और नालागढ़ के न्यायालय परिसरों में 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने साझा की।

उन्होंने बताया कि इस विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य लंबित और नए मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित निपटारा करना है। यदि आप भी अपने किसी केस को जल्दी और बिना खर्च के सुलझाना चाहते हैं, तो यह आपके लिए सुनहरा अवसर है।

प्रशांत सिंह नेगी के अनुसार, इच्छुक व्यक्ति 09 मई से पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के कार्यालय या जिले के किसी भी न्यायालय में साधारण कागज पर आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि जिस अदालत में मामला पहले से चल रहा है, वहीं भी आवेदन दिया जा सकता है।

इस लोक अदालत में कई प्रकार के मामलों की सुनवाई होगी, जिनमें चेक बाउंस, वाहन चालान, आपराधिक कम्पाउंडेबल केस, धन वसूली, सड़क दुर्घटना क्लेम, बिजली-पानी बिल विवाद, श्रम विभाग के मामले, वैवाहिक विवाद और भूमि अधिग्रहण जैसे महत्वपूर्ण केस शामिल हैं। इसके अलावा, वे मामले भी सुलझाए जाएंगे जो अभी तक अदालत में दाखिल नहीं हुए हैं।

लोक अदालत की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें समय और पैसे दोनों की बचत होती है। न केवल कोर्ट फीस नहीं लगती, बल्कि पुराने मामलों की फीस भी वापस मिल जाती है। साथ ही, किसी भी पक्ष को सजा नहीं दी जाती, जिससे विवाद सौहार्दपूर्ण तरीके से समाप्त होते हैं।

वाहन चालान से जुड़े मामलों में लोगों को राहत देते हुए बताया गया है कि वे वर्चुअल कोर्ट की वेबसाइट के माध्यम से भी आसानी से भुगतान कर सकते हैं।अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति दूरभाष नंबर 01792-220713 या टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।

सोलन–कसौली में पशु मित्र भर्ती की शारीरिक परीक्षा 24 अप्रैल को

error: Content is protected !!