दुनिया की अग्रणी टेक्नोलॉजी कंपनी Apple भारत में अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार करने जा रही है। कंपनी के CEO Tim Cook ने हाल ही में कंपनी के वित्तीय परिणामों की घोषणा के दौरान कहा कि Apple वर्ष 2025 के अंत तक भारत में नए रिटेल स्टोर्स खोलने की योजना बना रहा है।
कुक ने बताया कि इमर्जिंग मार्केट्स, जैसे भारत और UAE, में कंपनी की रिटेल मौजूदगी बढ़ाने से नई ग्राहक पहुंच में मदद मिलेगी। हाल ही में Apple ने सऊदी अरब में भी एक नया स्टोर लॉन्च किया है, और अब भारत सहित जापान के ओसाका शहर में भी रिटेल स्टोर्स खोले जा रहे हैं।
भारत में Apple की मौजूदा रिटेल उपस्थिति दिल्ली और मुंबई तक सीमित है, लेकिन हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी मुंबई के बोरिविली स्थित स्काई सिटी मॉल, बेंगलुरु के फीनिक्स मॉल ऑफ एशिया, नोएडा के DLF मॉल ऑफ इंडिया और पुणे के कोपा मॉल में अपने स्टोर्स खोलने की योजना पर काम कर रही है।
Apple ने दो साल पहले भारत में अपने पहले दो ऑफिशियल स्टोर्स खोले थे। अब कंपनी का लक्ष्य देश के अन्य मेट्रो और टियर-1 शहरों में पहुंच बनाना है, जिससे उसकी बिक्री और ब्रांड मौजूदगी दोनों मजबूत हो सके।
साल 2025 की दूसरी तिमाही में iPhone 16 की भारत में सबसे ज्यादा शिपमेंट हुई है। खासकर 45,000 रुपये से अधिक मूल्य वाले अल्ट्रा-प्रीमियम सेगमेंट में Apple और Samsung का दबदबा बना हुआ है। इनकी बिक्री में नो-कॉस्ट EMI, ट्रेड-इन ऑफर, और सीजनल डिस्काउंट्स का बड़ा योगदान रहा है।
