अर्की बाजार में आज तड़के हुए भीषण अग्निकांड को लेकर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने उपमण्डल प्रशासन अर्की को राहत एवं बचाव कार्य शीघ्र और प्रभावी रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज प्रातः लगभग 02:45 बजे अर्की बाजार के एक पुराने लकड़ी के भवन में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और अर्की, सोलन व शिमला से अग्निशमन वाहनों को तुरंत मौके पर भेजा गया। अम्बुजा सीमेंट कंपनी की फायर यूनिट ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।

उपायुक्त ने बताया कि त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास फैलने से रोका गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। लकड़ी से बना भवन होने के कारण आग तेजी से फैली, लेकिन अग्निशमन विभाग ने हालात पर नियंत्रण पा लिया है।

इस दुःखद हादसे में 08 वर्षीय बच्चे प्रियांश की मौत की पुष्टि हुई है। जिला प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को फौरी सहायता प्रदान कर दी गई है। वहीं दो घायल व्यक्तियों का उपचार नागरिक अस्पताल अर्की में चल रहा है।

उपायुक्त ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन सहित प्रशासन व पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को वस्त्र एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध करवा रही है।

error: Content is protected !!