लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोलन ज़िले के अर्की बाज़ार में हुए अग्निकांड के घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायज़ा लिया।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ितों को तत्काल राहत प्रदान की जा चुकी है और भविष्य में भी उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने इस घटना में जान-माल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अर्की का बाज़ार ऐतिहासिक है और यहां इस प्रकार की घटना अत्यंत दुखद है।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि आपदा प्रबंधन को और सुदृढ़ करने के लिए एहतियाती कदम आवश्यक हैं। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि अर्की शहर के लिए 11 करोड़ रुपये की अमृत 2 योजना स्वीकृत की गई है, जिसके तहत हाईड्रेंट सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि भविष्य में आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
मंत्री ने आग बुझाने में स्थानीय युवाओं के साहसिक प्रयासों की सराहना की और प्रभावित दुकानदारों को उचित सहायता का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
