आज तड़के करीब 3:00 बजे अर्की के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तीन मंजिला आवासीय भवन में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही समय में भवन पूरी तरह ढह गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय भवन में कुल 10 लोग मौजूद थे। भवन गिरने के बाद उनके मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
रेस्क्यू टीम ने मलबे से एक घायल बच्चे को जीवित बाहर निकाला, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
वहीं, एसडीआरएफ टीम द्वारा अब तक तीन व्यक्तियों के अवशेष मलबे से बरामद किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
फिलहाल 06 लोगों के अभी भी दबे होने की आशंका है। एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हैं। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनरी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है।
बचाव कार्य पूरा होने और स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
