सोलन जिला के अर्की में राज्य स्तरीय सायर उत्सव 2025 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या धूमधाम से आयोजित हुई। इस अवसर पर आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

संस्कृति और भाईचारे का पर्व

मंत्री गोमा ने लोगों को सायर उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व हिमाचल की प्राचीन संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि सायर उत्सव लगभग 300 वर्षों से परंपरागत रूप से मनाया जा रहा है। इस प्रकार के मेले जहां आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं, वहीं नई पीढ़ी को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से भी जोड़ते हैं।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों में लगाने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें : सायरोत्सव में खिलाड़ियों को मिला सम्मान

विकास की घोषणाएं

कार्यक्रम में मंत्री ने अर्की क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही अर्की में 10 बिस्तरों वाला आयुर्वेदिक अस्पताल खोला जाएगा। साथ ही, लोक निर्माण विभाग को इंडोर स्टेडियम बनाने के लिए भूमि चयन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक औपचारिकताओं के बाद आगामी वित्त वर्ष में इसके लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा।

मेला समिति को प्रोत्साहन स्वरूप मंत्री ने 51 हजार रुपए देने की घोषणा की।

विधायक संजय अवस्थी के संबोधन

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

अवस्थी ने जानकारी दी कि नगर पंचायत क्षेत्र में शेष घरों को सीवरेज कनेक्शन से जोड़ने के लिए 1.30 करोड़ रुपए स्वीकृत करवाए गए हैं। इसके पूरा होने से नगर की मूलभूत सुविधाओं में और सुधार आएगा।

सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों की प्रस्तुति

सांस्कृतिक संध्या में अरुण जस्टा, अंजली नायक, दलजीत, संजीव धीमान समेत कई स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों ने लोकगीतों और नृत्यों का भरपूर आनंद उठाया।

गणमान्य लोगों की मौजूदगी

इस अवसर पर नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, उपाध्यक्ष पदम कौशल, पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, कांग्रेस नेता सतीश कश्यप, रुचिका गुप्ता, ऋषि देव, राजेंद्र भारद्वाज, उप महाधिवक्ता हेमंत वर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिं, उपमंडलाधिकारी एवं मेला अधिकारी निशांत तोमर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!