रसोईघर में हर दिन तेल और मसालों का इस्तेमाल होता है। यही वजह है कि समय के साथ-साथ कड़ाही और पैन पर चिकनाई जम जाती है। धीरे-धीरे यह कालेपन का रूप ले लेती है और बर्तन चाहे कितने भी महंगे हों, पुराने और गंदे दिखने लगते हैं। बाज़ार में महंगे क्लीनर उपलब्ध हैं, लेकिन घरेलू नुस्खे भी उतने ही असरदार साबित हो सकते हैं। खास बात यह है कि ये नुस्खे सुरक्षित, किफायती और आसानी से घर में मौजूद चीज़ों से किए जा सकते हैं।
बेकिंग पाउडर से हटेगी जमी गंदगी
बेकिंग पाउडर को किचन का बेस्ट क्लीनिंग एजेंट माना जाता है। इसमें मौजूद तत्व चिकनाई और जमी हुई गंदगी को तोड़ने का काम करते हैं। इसके लिए आपको गर्म पानी में दो चम्मच बेकिंग पाउडर और एक चम्मच नमक डालना है। इस मिश्रण को उबालने के बाद किसी बाल्टी में निकाल लें और कड़ाही या पैन को इसमें डुबो दें। कुछ देर बाद ब्रश या स्क्रबर से हल्के हाथों रगड़ने पर बर्तन चमचमाने लगेंगे।
इसे भी पढ़ें : सिंक और वॉश बेसिन चमकाने का आसान घरेलू नुस्खा
नींबू और नमक का बेहतरीन कॉम्बो
अगर आप बिना किसी केमिकल के कालेपन को हटाना चाहते हैं तो नींबू और नमक सबसे कारगर हैं। सबसे पहले पैन या कड़ाही में थोड़ा पानी डालकर गैस पर रख दें। इसमें दो चम्मच डिटर्जेंट, एक चम्मच नमक और एक चम्मच नींबू का रस मिलाएं। इस मिश्रण को लगभग पाँच मिनट तक उबालें। नींबू में मौजूद एसिड और नमक की रगड़ने वाली क्षमता मिलकर कालेपन और चिकनाई को आसानी से हटाने में मदद करती है।
वाइट विनेगर से मिलेगा नया जैसा निखार
वाइट विनेगर न केवल दाग-धब्बों को हटाने में असरदार है बल्कि इसमें मौजूद गुण जमी हुई ग्रीस को भी ढीला कर देते हैं। इसके लिए पानी में एक कप वाइट विनेगर और थोड़ा नींबू का रस मिलाकर मिश्रण तैयार करें। अब बर्तनों को इसमें कुछ देर भिगो दें। इसके बाद स्क्रबर से साफ करने पर बर्तन बिल्कुल नए जैसे चमकने लगेंगे।
क्यों अपनाएं घरेलू उपाय?
यह नुस्खे पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्वास्थ्य पर कोई बुरा असर नहीं डालते।
महंगे केमिकल क्लीनर की तुलना में ये बेहद सस्ते और किफायती हैं।
रोज़मर्रा की किचन सामग्री जैसे बेकिंग पाउडर, नमक, नींबू और विनेगर हर घर में आसानी से उपलब्ध होते हैं।
इन तरीकों से बर्तनों की उम्र भी बढ़ती है और रसोईघर हमेशा साफ-सुथरा दिखता है।
