बी० एल० सेंट्रल पब्लिक स्कूल कुनिहार द्वारा एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन विज्ञान शिक्षण एवं सृजनात्मकता केंद्र (सीएसएलसी) विज्ञान संग्रहालय शिमला में किया गया। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने जानकारी दी कि नवमी से ग्यारहवीं कक्षा तक के 167 छात्र-छात्राओं के साथ अध्यापक वर्ग भी इस भ्रमण में शामिल हुआ। सभी विद्यार्थियों की आने-जाने की व्यवस्था स्कूल बसों द्वारा की गई थी।
इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, व्यावहारिक ज्ञान और सृजनात्मक सोच को बढ़ावा देना था। बच्चों ने संग्रहालय में अंतरिक्ष विज्ञान, ऊर्जा संरक्षण, रोबोटिक्स, मानव शरीर रचना, ध्वनि-प्रकाश, एवं पर्यावरण विज्ञान से जुड़े मॉडलों और प्रदर्शनियों को नजदीक से देखा। इंटरऐक्टिव गैलरी में छात्रों ने छोटे-छोटे वैज्ञानिक प्रयोग कर प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
संग्रहालय के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक आविष्कारों और अनुसंधान की प्रक्रिया के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाएँ शांत कीं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी छात्रों और शिक्षकों के लिए खाने और जलपान की व्यवस्था भी की गई। विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण के लिए विद्यालय का आभार व्यक्त किया।
