वी एस एल एम अध्यापक शिक्षण महाविद्यालय चंडी में आज आरटीओ सोलन एवं नालागढ़ के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश लोक संपर्क विभाग के सौजन्य से आयोजित किया गया, जिसमें नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

नुक्कड़ नाटक में कॉलेज के संगीत विषय के अध्यापक नितिन तोमर तथा उनके साथ आए कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। इस नाटक के माध्यम से वी एस एल एम संस्कार भारती पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों सहित कॉलेज के बीएड व डीएलएड प्रशिक्षुओं को जागरूक किया गया।

कलाकारों ने अपने अभिनय के जरिए बताया कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना कितना आवश्यक है। उन्होंने ज़ेबरा क्रॉसिंग का उपयोग करने, दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने का संदेश दिया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजमणि शर्मा ने भी सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर अपने विचार साझा किए और विद्यार्थियों से इन्हें अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वी एस एल एम संस्कार भारती पब्लिक स्कूल चंडी तथा कॉलेज के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

भर्ती रैली का परिणाम घोषित

error: Content is protected !!