ज़िला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आज राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन में सीपीआर पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता ज़िला रेडक्रॉस सोसायटी सोलन के उप संरक्षक लेख राज कौशिक ने की।
लेख राज कौशिक ने कहा कि सीपीआर अभियान का उद्देश्य हार्ट अटैक के समय सही सीपीआर देना प्रत्येक व्यक्ति को सीखना आवश्यक है ताकि आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया कर अमूल्य जीवन को बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी सोलन द्वारा सीपीआर विशेष अभियान के तहत 13 से 17 अक्तूबर, 2025 तक विभिन्न विद्यालयों व सामुदायिक केन्द्रों में शिविर लगाए गए। शिविरों में लोगों को हार्ट अटैक की स्थिति में तुरंत प्रारम्भिक सुरक्षा उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन के प्रधानाचार्य एस.एस. नेगी, रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य शशिकांत, सुनीता ओबरॉय सहित लगभग 150 छात्र उपस्थित थे।
