हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ढली क्षेत्र में स्थित होटल ग्रैंड मैजेस्टिक में 13 जून को हुई चचेरे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अर्जुन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने पुष्टि की कि आरोपी को तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट्स के आधार पर हरियाणा के पंचकूला से गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक आकाश शर्मा और आरोपी अर्जुन शर्मा, दोनों रिश्ते में चचेरे भाई थे। दोनों 11 जून की रात होटल ग्रैंड मैजेस्टिक में रुके थे। आकाश लॉ का छात्र था जबकि अर्जुन अपने पिता के साथ सब्जी के व्यापार से जुड़ा हुआ था।

घटना 13 जून की सुबह सामने आई, जब होटल में एक अज्ञात कॉल आया। कॉल करने वाले ने जानकारी दी कि अर्जुन शर्मा ने अपने परिवार को फोन कर बताया है कि उसने आकाश की हत्या कर दी है। होटल स्टाफ ने तुरंत कमरा खोला तो देखा कि आकाश शर्मा बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई थी, जिसके बाद अर्जुन ने गुस्से में आकर पहले आकाश के सिर पर बीयर की बोतल से वार किया और फिर गले पर कांच से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने इस गंभीर अपराध को अंजाम देने वाले आरोपी अर्जुन शर्मा को 14 जून की सुबह पंचकूला के बाहरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी पुलिस की कई टीमों के समन्वय और टेक्निकल सर्विलांस से संभव हो पाई।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठा किए हैं और पुलिस हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस हत्याकांड ने न केवल शिमला में बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश में सनसनी फैला दी है। लोग सवाल कर रहे हैं कि दो सगे भाइयों के बीच इतनी बड़ी दुश्मनी कैसे हो सकती है।

पुलिस की कार्रवाई की सराहना हो रही है कि कैसे समय रहते आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।

error: Content is protected !!