स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह बात सोलन में आयोजित जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

डॉ. शांडिल ने कहा कि जिला शिकायत निवारण समिति आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराती है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, संवेदनशील और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को सरकारी सेवाओं का शीघ्र लाभ मिल सके।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित स्थानों पर सर्विस रोड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर में जल्द अल्ट्रासाउंड मशीन तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामशहर में एक्स-रे मशीन स्थापित की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने जल शक्ति विभाग को पेयजल के दुरुपयोग और अवैध जल व्यापार पर कड़ी निगरानी रखने तथा नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को ग्राम पंचायत कनैर और जधाणा की कच्ची संपर्क सड़कों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने तथा सोलन के कथेड़ में निर्माणाधीन बहुउद्देश्यीय अस्पताल का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।

बैठक में बाईपास सोलन में प्रस्तावित नए बस अड्डा एवं बहुउद्देश्यीय भवन की प्रक्रिया तेज करने, फ्लाईओवर पर हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट लगाने तथा सुबाथू क्षेत्र में 108 एम्बुलेंस सेवा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

स्वास्थ्य मंत्री ने शहर की सभी सब्जी दुकानों पर मूल्य सूची प्रदर्शित करने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। वहीं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने, प्रवासी नागरिकों के सत्यापन अभियान चलाने तथा मकान मालिकों से किरायेदारों की जानकारी स्थानीय पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील भी की।

बैठक में सोलन बाईपास क्षेत्र में दोहरी दीवार, सब्जी मंडी और डीएवी स्कूल के निकट ओवरब्रिज निर्माण के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया गया ताकि प्रस्ताव राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भेजा जा सके।

अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि पशुपालन विभाग द्वारा अब तक 646 आवारा श्वानों की नसबंदी और रैबीज टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं नगर निगम सोलन जल्द ही डी-स्लजिंग मशीन खरीदेगा, जिससे सीवर, सेप्टिक टैंक और मैनहोल की आधुनिक सफाई संभव होगी।

बैठक में 98 पुराने और 44 नए मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने मंत्री के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

विश्व स्तनपान सप्ताह 2026: 1 से 7 अगस्त तक सोलन में जागरूकता अभियान

error: Content is protected !!