हिमाचल प्रदेश के पात्र गरीब परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उन परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध करवाएगी, जो आज भी कच्चे घरों में जीवन यापन कर रहे हैं।
पंचायती राज विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित आवास केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि सामाजिक अधिकार है और सरकार इसे सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने विभाग को और सशक्त बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि रिक्त पदों को प्राथमिकता से भरा जाएगा, साथ ही पंचायतों में कनिष्ठ अभियंताओं की नियुक्ति भी की जाएगी।
उन्होंने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता सामाजिक न्याय और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। मकान निर्माण के साथ-साथ स्वच्छता, पेयजल और आजीविका के अवसरों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेताया कि योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं होगी, क्योंकि जनहित ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
