विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को मजबूत करने और सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए तेजी से काम कर रही है। दाड़लाघाट में बहुउद्देशीय भवन का लोकार्पण करते हुए उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उनके उत्पादों की बिक्री के लिए शीघ्र ही विशेष स्थान व दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उन्हें बेहतर आय और पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी जल्द तय किया जाएगा, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, ज़िला खनन फाउंडेशन न्यास के तहत 25 करोड़ रुपये से क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं।
विधायक ने बताया कि अर्की, दाड़लाघाट व कुनिहार में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू होगा, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। इस दौरान मनसा माता स्वयं सहायता समूह को श्रेष्ठ कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया।
