हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणामों में कांगड़ा जिले की छात्रा अनमोल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अनमोल ने 700 में से 699 अंक प्राप्त कर 99.86 प्रतिशत अंक हासिल किए और प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अनमोल कांगड़ा जिले के पहरा स्थित एबीएम सीनियर सेकंडरी स्कूल की छात्रा हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से परिवार, स्कूल और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस वर्ष दूसरे स्थान पर तीन विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से जगह बनाई। ऊना के अभिनव मेहता, बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा और ऊना की रुहानी धीमान ने 698 अंक हासिल कर 99.71 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं तीसरे स्थान पर हमीरपुर की अश्विका शर्मा और मंडी की अलीशा ठाकुर रहीं, जिन्होंने 697 अंक प्राप्त किए।
बोर्ड की मेरिट सूची में इस बार कुल 107 छात्रों ने टॉप-10 में जगह बनाई है। खास बात यह रही कि लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। मेरिट सूची में 83 लड़कियां और 24 लड़के शामिल रहे।
एचपीबीओएसई सचिव विशाल शर्मा के अनुसार इस वर्ष 93,661 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 78,150 छात्र सफल रहे। कुल पास प्रतिशत 83.87 दर्ज किया गया। वहीं 8,433 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट और 6,559 छात्रों को असफल घोषित किया गया।
हिमाचल बोर्ड का यह परिणाम प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आया है। विशेष रूप से बेटियों की शानदार उपलब्धि ने शिक्षा के क्षेत्र में नया संदेश दिया है।
