हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को पर्यटन विभाग की महत्वाकांक्षी पहल ‘That’s You’ अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान राज्य की पर्यटन नीति में एक बड़े बदलाव का संकेत देता है, जिसमें अब पारंपरिक पर्यटन स्थलों से आगे बढ़कर स्लो टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान विशेष रूप से राज्य के प्रवेश द्वारों, हवाई अड्डों और हैरिटेज रेलवे स्टेशनों पर आने वाले पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों और हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता के बीच एक गहरा, व्यक्तिगत और भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना है।

उन्होंने बताया कि स्लो टूरिज्म की यह अवधारणा पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कम प्रसिद्ध गांवों में लंबे प्रवास, स्थानीय संस्कृति में सहभागिता और ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित कर यह पहल स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगी।

पर्यटन विभाग के निदेशक विवेक भाटिया ने जानकारी दी कि यह अभियान चंडीगढ़-शिमला प्रवेश मार्ग, गग्गल और भुंतर हवाई अड्डों तथा ऐतिहासिक कालका-शिमला टॉय ट्रेन मार्ग सहित प्रमुख आगमन स्थलों पर चलाया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस) गोकुल बुटेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अभियान न केवल लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर दबाव कम करेगा, बल्कि हिमाचल के छिपे हुए ग्रामीण पर्यटन स्थलों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाएगा।

11 जनवरी तक घना कोहरा, 4 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट
error: Content is protected !!