हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग शिमला केंद्र की ताज़ा भविष्यवाणी के अनुसार 3 से 6 मई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है।
शनिवार को जहां मौसम साफ और शुष्क रहने से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी, वहीं इसके बाद मौसम अचानक बदलने के संकेत हैं। 3 और 4 मई को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
शिमला, कांगड़ा, कुल्लू समेत आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों जैसे किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 3-4 मई को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आने वाले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 2.3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। बीते 24 घंटों में कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जहां ताबो में सबसे कम तापमान 3.2°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 33.4°C रहा।
