धर्मशाला में एचपीसीए महिला टीम का दमदार प्रदर्शन, थाईलैंड को 6 विकेट से दी शिकस्त
एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में सोमवार को खेले गए अभ्यास मुकाबले में एचपीसीए की सीनियर महिला क्रिकेट टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड की महिला सीनियर टीम को 6 विकेट से मात दी। यह मुकाबला दर्शकों के लिए रोमांचक रहा, जिसमें एचपीसीए की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ने प्रभावित किया।
टॉस जीतकर एचपीसीए की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी थाईलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 110 रन ही बना सकी। थाईलैंड की ओर से ननापत ने सर्वाधिक 47 रन बनाए, जबकि नाथकन चांथम ने 20 रन, कप्तान नरूईमोल ने 10 और सुलीपोरन ने 10 रन का योगदान दिया।
एचपीसीए की गेंदबाजी काफी सटीक रही, जहां मनीषा, अहाना, ललिता, सुष्मिता और पल्लवी ने एक-एक विकेट हासिल कर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर से रोक दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एचपीसीए की सीनियर महिला टीम ने 17.1 ओवरों में 4 विकेट खोकर 114 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। एचपीसीए की ओर से अग्रिम ने नाबाद 56 रनों की शानदार पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा अहाना ने 21 रन, कप्तान सुषमा ने 18 रन, जबकि हर्ष जम्बाल ने नाबाद 9 रन बनाकर टीम को जीत के लक्ष्य तक पहुंचाया।
थाईलैंड की गेंदबाजी में ओनिचा, थिचापा, सुलीपोरन और चायानिसा को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे एचपीसीए की मजबूत बल्लेबाजी को रोकने में नाकाम रहीं।
