हिमाचल प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोलन जिले के नालागढ़ में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने नालागढ़ से प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी के लिए नई बस सेवा का भी शुभारंभ किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में HRTC के बेड़े में 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी, जिससे प्रदेश के लोगों को आधुनिक, सुरक्षित, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता हर क्षेत्र तक बेहतर सार्वजनिक परिवहन पहुंचाना है और जनता की मांग के अनुसार नई बस सेवाएं लगातार शुरू की जाएंगी।

नालागढ़ में तैयार हुआ आधुनिक चार्जिंग नेटवर्क

इलेक्ट्रिक बसों के सुचारू संचालन के लिए नालागढ़ बस अड्डे पर दो आधुनिक चार्जिंग स्टेशन तथा वर्कशॉप में दो अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। इससे भविष्य में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को और मजबूती मिलेगी तथा परिवहन सेवाएं अधिक प्रभावी बनेंगी।

52 वर्षों से लोगों की सेवा कर रही है HRTC

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि HRTC पिछले 52 वर्षों से हिमाचल प्रदेश के लोगों को बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध करा रही है। निगम केवल व्यावसायिक संस्था नहीं बल्कि जनकल्याणकारी संगठन के रूप में कार्य कर रहा है। घाटे के बावजूद HRTC दूर-दराज़ और दुर्गम क्षेत्रों तक नियमित बस सेवाएं उपलब्ध कराकर लाखों लोगों की जीवनरेखा बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में निगम प्रदेश के 27 विभिन्न वर्गों को रियायती यात्रा सुविधा भी उपलब्ध करा रहा है।

नई बस सेवाओं की घोषणा

उप मुख्यमंत्री ने नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा की मांग पर दो नई बस सेवाएं शुरू करने की घोषणा की—

  • बद्दी से एम्स बिलासपुर (वाया रामशहर)
  • बद्दी से एम्स बिलासपुर (वाया बघेरी)

इन सेवाओं से क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।

व्यावसायिक वाहनों की आयु सीमा बढ़ाने का मामला उठेगा

उन्होंने कहा कि व्यावसायिक वाहनों की आयु सीमा 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष किए जाने का मामला केंद्र सरकार के समक्ष रखा जाएगा ताकि इस संबंध में उचित निर्णय लिया जा सके।

15 इलेक्ट्रिक बसें पहले ही मिल चुकी हैं

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि विधायक हरदीप बाबा की मांग पर नालागढ़ डिपो को पहले ही 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं और भविष्य में भी क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं के विस्तार में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

कार्यक्रम के बाद उन्होंने लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नालागढ़ स्थित ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन (ATS) का निरीक्षण भी किया।

error: Content is protected !!