नगर पंचायत कण्डाघाट में शहरी निकाय चुनाव-2026 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 17 मई 2026 को होने वाले चुनाव में नगर पंचायत के सभी 7 वार्डों में कुल 1548 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस संबंध में जानकारी ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी।
प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। चुनाव को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
उपायुक्त ने बताया कि नगर पंचायत कण्डाघाट के लिए कुल 7 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। वार्ड नम्बर-1 सिलहारी वार्ड में 283 मतदाता हैं और इसके लिए खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय कण्डाघाट के हॉल में मतदान केन्द्र बनाया गया है। वहीं वार्ड नम्बर-2 हिमुडा वार्ड में 150 मतदाता अपने वोट डालेंगे। इसके लिए लोक निर्माण विभाग कण्डाघाट के सहायक अभियंता कार्यालय में मतदान केन्द्र स्थापित किया गया है।
वार्ड नम्बर-3 पड़ाव वार्ड में 185 मतदाता हैं, जहां नया पंचायत घर के हॉल में मतदान होगा। वार्ड नम्बर-4 दोलग वार्ड में 205 मतदाता मतदान करेंगे और यहां पुराना पंचायत घर हॉल-1 में मतदान केन्द्र बनाया गया है।
इसके अलावा वार्ड नम्बर-5 राज राजेश्वरी वार्ड में 255 मतदाता, वार्ड नम्बर-6 लोअर बाज़ार में 207 मतदाता और वार्ड नम्बर-7 बृजेश्वर महादेव वार्ड में 263 मतदाता मतदान करेंगे। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
