शहरी निकाय चुनाव-2026 के अंतर्गत नगर पंचायत कण्डाघाट में मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपना उत्साह और जागरूकता दिखाते हुए भारी संख्या में मतदान किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा के अनुसार नगर पंचायत कण्डाघाट में कुल 82.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार कुल 1548 मतदाताओं में से 1281 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 774 पुरुष मतदाताओं में से 645 तथा 774 महिला मतदाताओं में से 636 महिलाओं ने मतदान किया। मतदान प्रक्रिया पूरे दिन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।
वार्डवार आंकड़ों की बात करें तो वार्ड नम्बर-03 पड़ाव में सबसे अधिक 90.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि वार्ड नम्बर-05 राज राजेश्वरी में 89.80 प्रतिशत और वार्ड नम्बर-07 बृजेश्वर महादेव में 87.07 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं वार्ड नम्बर-02 हिमुडा में 82 प्रतिशत, वार्ड नम्बर-04 दोलग में 80.98 प्रतिशत, वार्ड नम्बर-01 सिलहारी में 74.91 प्रतिशत तथा वार्ड नम्बर-06 लोअर बाजार में 74.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
प्रशासन की ओर से सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में मतदान को लेकर विशेष उत्साह नजर आया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी मतदान यह दर्शाता है कि जनता अपने क्षेत्र के विकास और बेहतर नेतृत्व को लेकर गंभीर है। अब सभी की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।
