राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : जिला सोलन के कसौली उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठाड़ में आज विकास की एक नई इबारत लिखी गई। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी की अध्यक्षता में इंडोर स्टेडियम का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और मंत्री का फूल मालाओं व पुष्प गुच्छों से भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में विधायक राम कुमार चौधरी ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए दून विधानसभा क्षेत्र, विशेषकर पहाड़ी इलाकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इन समस्याओं का जल्द समाधान करेगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।

इंडोर स्टेडियम की आधारशिला रखने के बाद मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए बताया कि इस परियोजना के लिए पहली किश्त के रूप में 69 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राकलन के अनुसार शेष धनराशि भी शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएगी और निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे खेल ढांचे युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेंगे। साथ ही उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से अपील की कि वे विकास को प्राथमिकता देने वाले प्रतिनिधियों का चयन करें।
मंत्री ने ग्रामीण विकास में सड़कों की अहम भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चौथे चरण में प्रदेश में 2300 करोड़ रुपये की लागत से 1500 किलोमीटर सड़कों को स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त दूसरे चरण में 1100 किलोमीटर सड़क निर्माण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है।उन्होंने भविष्य में दून विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों के लिए लोक निर्माण विभाग का अलग उपमंडल बनाने की भी घोषणा की, जिससे विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

इस अवसर पर ज़िला परिषद सोलन के पूर्व सदस्य एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राणा अरुण सैन, उपमण्डलाधिकारी कसौली महेन्द्र प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग कसौली के अधिशाषी अभियंता गुरमिंदर सिंह राणा, उप निदेशक उच्च शिक्षा गोपाल चंद शर्मा, उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा रीता गुप्ता खण्ड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कुलभूषण गुप्ता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठाड़ की प्रधानाचार्य पूनम शर्मा, ग्राम पंचायत कुठाड़ के पूर्व प्रधान कैलाश शर्मा, ग्राम पंचायत बुघार कनैता भूषण शर्मा, ग्राम पंचायत जाडला के पूर्व प्रधान प्रेम चंद, ग्राम पंचायत कुठाड़ के पूर्व उप प्रधान पुष्पेन्द्र कुमार व मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय नागरिक व छात्र इस अवसर पर उपस्थित थे।
