पड्डल मैदान में आगामी 11 दिसंबर को सरकार के तीन साल के जश्न की जगह अब जनसंकल्प सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में आपदा प्रभावितों, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को राहत राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही आने वाले दो वर्षों में हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए सरकार का विजन भी जनता के समक्ष रखा जाएगा।
यह जानकारी शुक्रवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मंडी में दी। उन्होंने शहरी विकास मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक चंद्रशेखर और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया।
मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि जनसंकल्प सम्मेलन में लगभग 20,000 लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय आपदा की स्थिति बनी हुई है, इसलिए तीन साल का जश्न मनाने का प्रश्न ही नहीं उठता।
शहरी विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि तीन साल के जश्न की नोटिफिकेशन नौकरशाही स्तर पर जारी की गई थी, लेकिन मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल ने परिस्थितियों को देखते हुए इसे जनसंकल्प सम्मेलन में बदलने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा समय-समय पर लिए गए फैसलों का लक्ष्य प्रदेश को आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में आगे बढ़ाना है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम हर साल प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि विकास योजनाओं और सरकार के विजन को सीधे जनता तक पहुंचाया जा सके।
