सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल में प्रदेश सरकार द्वारा मेडिकल डिवाइस पार्क और घीड़ औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने मंत्रिमंडलीय उप समिति के सदस्यों राजेश धर्माणी और यादविंदर गोमा के साथ यहां का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यह पार्क प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा और युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर बनेगा।

प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से कर रही निर्माण

उद्योग मंत्री ने बताया कि नालागढ़ की ग्राम पंचायत मंझोली के घीड़ और तैलीवाला गांव में बन रहा मेडिकल डिवाइस पार्क पूरी तरह प्रदेश सरकार के संसाधनों से विकसित किया जा रहा है। पहले इस प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार के साथ समझौता ज्ञापन हुआ था, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने अपने दम पर इसे आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।

प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि यहां अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित किया जाए, जिससे आधुनिक तकनीक और रोजगार दोनों बढ़ सकें।

350 करोड़ की लागत, 1623 बीघा भूमि पर निर्माण

इस पार्क के निर्माण पर लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लगभग 1623 बीघा भूमि पर फैले इस पार्क में युवाओं के लिए रोजगार और उद्योगपतियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

दूसरे चरण में पार्क की भूमि को समतल करने का काम पूरा हो चुका है। यहां कैंसर केयर, रेडियोथेरेपी, रेडियोलॉजी, इंप्लांटेबल उपकरण, दंत चिकित्सा, स्टेंट और हड्डी जोड़ने वाले उत्पाद सहित करीब 150 प्रकार के मेडिकल उपकरणों का उत्पादन किया जाएगा।

विभिन्न कार्यों पर हो रहा व्यय

  • भूमि समतलीकरण – लगभग 100 करोड़ रुपये

  • मार्ग निर्माण – 31.35 करोड़ रुपये

  • पानी निकासी – 12.46 करोड़ रुपये

  • विद्युत वितरण नेटवर्क – 25.05 करोड़ रुपये

  • जल आपूर्ति – 7.79 करोड़ रुपये

  • 3डी डिजाइन व लैब – 27.91 करोड़ रुपये

‘वन स्टॉप डेस्टिनेशन’ बनेगा पार्क

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि यह पार्क वन स्टॉप डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा। यहां प्रयोगशालाएं और एकीकृत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे एक ही स्थान पर विभिन्न परीक्षण किए जा सकेंगे। इससे निर्माण लागत घटेगी और देशभर में चिकित्सा उपकरण निर्माण के लिए मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र तैयार होगा।

मौके पर रहे कई अधिकारी

इस निरीक्षण के दौरान नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग आर.डी. नजीम, राज्य उद्योग विकास निगम की प्रबंध निदेशक ऋचा वर्मा, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, बीबीएन विकास प्राधिकरण की संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रिया नागटा, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!