उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर ने अम्बुजा सीमेंट कंपनी, दाड़लाघाट को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपमंडल के संघोई, घुमारों और मांगू गांव के प्रभावितों को पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन समझौते के तहत उनकी प्रतिबद्ध देनदारियां निर्धारित समयावधि में प्रदान की जाएं।

गत सांय उपमंडल अधिकारी निशांत तोमर ने इन गांवों में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें अम्बुजा सीमेंट कंपनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। बैठक में कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि देनदारियां शीघ्र प्रदान की जाएंगी। उन्होंने उन प्रभावितों की सूची उपलब्ध करवाने का भी आग्रह किया, जिन्हें अब तक देनदारियां नहीं दी गई हैं।

उपमंडलाधिकारी ने नायब तहसीलदार दाड़लाघाट को निर्देश दिए कि ऐसे प्रभावितों की सूची तैयार की जाए जिनके घर और भूमि अधिग्रहित हुई है और जिन्हें अभी तक मुआवजा प्राप्त नहीं हुआ है। यह सूची कंपनी को दी जाएगी ताकि इसे तुरंत क्रियान्वित किया जा सके।

बैठक में एक समिति गठित करने का निर्णय भी लिया गया, जो ब्लास्टिंग से प्रभावित लोगों को होने वाले नुकसान की समीक्षा करेगी। समिति में राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, ग्राम पंचायत के प्रधान और वार्ड सदस्य शामिल होंगे।

निशांत तोमर ने प्रभावित गांव के ग्रामीणों की सम्पर्क मार्ग की मरम्मत और देख-रेख की मांग को भी गंभीरता से लिया। कंपनी प्रतिनिधियों ने इस संबंध में शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के समय मार्ग की उचित देख-रेख न होने के कारण पानी खेतों और घरों में नुकसान पहुँचा रहा है, जिसे जल्द ही ठीक किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, उपमंडलाधिकारी ने ब्लास्टिंग से होने वाले धूल और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कंपनी को नियमित जल छिड़काव के निर्देश भी दिए। बैठक में ग्रामीणों और कंपनी प्रतिनिधियों ने भूमि अधिग्रहण के प्रभावितों के लिए रोजगार और अन्य योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी चर्चा की।

निशांत तोमर ने कहा कि सभी मामलों को निर्धारित समयावधि में सुलझाने का निर्णय लिया गया है और जल्द ही विभिन्न निर्णयों की प्रगति एवं कार्यों की समीक्षा के लिए अगली बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय विधायक संजय अवस्थी सभी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं और उपमंडल प्रशासन उनके निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहा है।

होम्योपैथिक कॉलेज में प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान CME – दिन 3

21 दिसम्बर को पिलाई जाएगी पल्स पोलियो की खुराक

error: Content is protected !!