भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने रक्षाबंधन के अवसर पर नाहन विधानसभा क्षेत्र के तीन मंडलों – सैनवाला-मुबारिकपुर, नाहन और जट्टानवाला में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। बहनों द्वारा रक्षा सूत्र बांधने के बाद उन्होंने इस पर्व को भाई-बहन के स्नेह और आशीर्वाद का प्रतीक बताया।

इस अवसर पर डॉ बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत 14.2 किलोग्राम गैस सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी की घोषणा को रक्षाबंधन पर बहनों के लिए बड़ा उपहार बताया।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लिए केंद्र सरकार ने 12,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी को मंजूरी दी है, जिससे 10.33 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा। हिमाचल प्रदेश में 1.36 लाख उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।”

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची कार्यक्रम जारी

डॉ बिंदल ने बताया कि केंद्रीय कैबिनेट ने तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को भी 30,000 करोड़ रुपये की एलपीजी सब्सिडी को मंजूरी दी है। यह फैसला देश की महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है।

उन्होंने कहा कि योजना के तहत लाभार्थियों को वर्ष में 9 रिफिल तक पर सब्सिडी मिलेगी और 5 किलोग्राम सिलेंडर वालों को उसी अनुपात में लाभ मिलेगा।

डॉ बिंदल ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला महिलाओं को सम्मान और राहत देने वाला है, और रक्षाबंधन से ठीक पहले इस योजना को लागू कर सरकार ने सच्चे अर्थों में बहनों का मान बढ़ाया है।

error: Content is protected !!