भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने सोलन में पंजाब नेशनल बैंक द्वारा आयोजित वित्तीय समावेशन संतृप्ति कार्यक्रम में कहा कि वित्तीय समावेशन के लिए बैंकों और उपभोक्ताओं का सहयोग जरूरी है। उन्होंने वित्तीय साक्षरता को समावेशन का पूरक बताते हुए कहा कि RBI लोगों को वित्तीय रूप से साक्षर बनाने और उनके धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें : HPBOSE 2025-26: 9वीं से 12वीं पंजीकरण 15 सितंबर से, SOS परीक्षा 25 सितंबर से
मल्होत्रा ने बताया कि देश में बैंक अब अधिक लोगों तक सेवाएं पहुंचा रहे हैं। हिमाचल में 500 की आबादी वाली बस्तियों में 5 किमी के दायरे में बैंकिंग सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश में 250 करोड़ बैंक खाते खुल चुके हैं और 55 करोड़ जन धन खातों में से 11 करोड़ का री-केवाईसी पूरा हो चुका है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से री-केवाईसी करवाने और जन सुरक्षा योजनाओं में नामांकन का आग्रह किया। डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के लिए ओटीपी और पासवर्ड साझा न करने की सलाह दी। सोलन जिले में 25,000 उपभोक्ताओं का री-केवाईसी हो चुका है और प्रदेश में 2,361 शिविर आयोजित किए गए हैं।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लाभार्थियों को दावा चेक सौंपे गए और स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेशक अशोक चन्द्र ने जन धन, जीवन ज्योति बीमा, सुरक्षा बीमा और अटल पेंशन योजना की जानकारी दी।
