हिमाचल प्रदेश के उपमंडल रामपुर से एक चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। रविवार दोपहर लगभग 3 बजे एक अज्ञात युवक ने सतलुज नदी में छलांग लगा दी। यह घटना जगातखाना पुल के नजदीक घटी जब युवक अचानक नदी के किनारे पहुंचा और तेज बहाव के बीच खुद को पानी में झोंक दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के आसपास मौजूद कुछ लोगों ने उसे रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और पलक झपकते ही सतलुज की उफनती लहरों में समा गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
युवक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, लेकिन चश्मदीदों ने बताया कि उसने ग्रे रंग का लाइनदार स्वेटर और नीली जींस पहनी हुई थी। उसकी उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है, और कद लगभग 5 फुट 9 इंच बताया गया है।
सतलुज नदी इन दिनों उफान पर है और जल स्तर काफी अधिक है। ऐसे में युवक की तलाश में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। रेस्क्यू टीम को भी नदी की तेज धारा के कारण परेशानी हो रही है।
