
जिला कांगड़ा में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नूरपुर पुलिस जिला के अंतर्गत मठोली के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार (HP-97A-8520) को विवेक चौधरी निवासी फतेहपुर चला रहा था। अचानक वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया और कार खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक विवेक चौधरी पुत्र सुरेश कुमार, गांव जगीर, डाकघर स्थाना, तहसील फतेहपुर की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हादसे में घायल अन्य युवकों की पहचान अमन (26) पुत्र स्व. रूप लाल, अजय निवासी राजा का तालाब, और ललित चौधरी पुत्र स्व. राम कुमार—तीनों तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा—के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि चारों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे के बाद घायलों में से दो को पठानकोट के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस थाना नूरपुर में मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नूरपुर ने बताया कि अभियोग संख्या 230/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281 और 106 में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
