स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज कहा कि शिक्षा, ज्ञान और कठिन परिश्रम किसी भी व्यक्ति की सफलता का असली आधार होते हैं।
डॉ. शांडिल यह विचार सोलन विधानसभा क्षेत्र के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग के वार्षिक समारोह में छात्रों और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने अपने भाषण में कहा कि आज का युग प्रतिस्पर्धा का युग है। बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर उसके प्रति लगातार परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा भविष्य की सफलता की कुंजी है और मेहनत के बिना कोई लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।
स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ममलीग को शीघ्र ही राजीव गांधी डे बोर्डिंग विद्यालय के रूप में स्तरोन्नत किया जाएगा। इस कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में 1.50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं।
इसके साथ ही, आगामी सत्र से इस विद्यालय में केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) पाठ्यक्रम भी आरंभ किया जाएगा, जिससे छात्रों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिलेगी।
डॉ. शांडिल ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वंचित वर्गों के कल्याण के लिए प्रमुखता से कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत लगभग 6,000 बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया गया है। इसके अलावा, पिछली योजनाओं के तहत लाभार्थियों को 28 करोड़ रुपए की सहायता, वस्त्र भत्ता और उत्सव भत्ता भी प्रदान किया गया है। प्रदेश सरकार इन बच्चों को 27 वर्ष की आयु तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर रही है।
सैनिक कल्याण मंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इस सामाजिक बुराई से बचाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘चिट्टा मुक्त प्रदेश अभियान’ के तहत नशे की रोकथाम के लिए पूरी तरह सजग है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इस अभियान में शपथ भी ली।
डॉ. शांडिल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल प्रशासन को अपनी ऐच्छिक निधि से 31,000 रुपए देने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह को और भी खास बना दिया।
इस अवसर पर स्कूल प्रशासन, ग्राम पंचायत ममलीग के प्रधान और उपप्रधान, पूर्व प्रधान, कांग्रेस नेता, उपमण्डलाधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
