अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति और परम्पराओं का ज्ञान छात्रों को एक आदर्श व उत्तरदायी नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वे आज ग्राम पंचायत भूमती स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला एवं इसके क्लस्टर के 10 विद्यालयों के संयुक्त वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इससे पूर्व विधायक संजय अवस्थी ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूमती में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले बहुउद्देशीय मंच की आधारशिला रखी। इसके साथ ही उन्होंने 2 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुस्तकालय कक्ष का विधिवत लोकार्पण भी किया।

अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि शिक्षा समाज की नींव होती है, जो विद्यार्थियों को न केवल ज्ञानवान बल्कि जिम्मेदार नागरिक भी बनाती है। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा के साथ देश और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति व परम्पराओं को जोड़ा जाए, तो इससे छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है और उनके व्यक्तित्व में संवेदनशीलता तथा सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है।

संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों को देखते हुए शिक्षा में आधुनिक तकनीक का समावेश भी अत्यंत आवश्यक है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), मशीन लर्निंग, कौशल विकास जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में 9,849 करोड़ रुपये व्यय कर रही है, जो शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में छात्रों तक गुणात्मक और समान शिक्षा पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल है। इन विद्यालयों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को विश्व स्तरीय शिक्षा उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।

इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने अन्य छात्रों से भी मेधावी विद्यार्थियों से प्रेरणा लेने और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विधायक ने विकास कार्यों की घोषणा करते हुए राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूमती में हॉल निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, ग्राम सुधार सभा जमरोटी के भवन की मरम्मत के लिए 50 हजार रुपये तथा कमरे के निर्माण के लिए 1 लाख रुपये, भूमती में बहुउद्देशीय खेल मैदान निर्माण के लिए 2 लाख रुपये और मोक्षधाम चुनारनाला के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने आयोजन समिति को 21 हजार रुपये और छात्रों के लिए 2,100 रुपये की सहायता राशि देने की भी घोषणा की।

विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य विजया चन्देल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, ग्राम पंचायत भूमती के प्रधान योगेश गौतम, ग्राम पंचायत बड़ोग के प्रधान योगराज चौहान, ग्राम पंचायत भूमती के उप प्रधान गोपाल, ग्राम पंचायत सरली के पूर्व प्रधान लेखराज, बीडीसी सदस्य आशा शर्मा, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, कृषि उपज मंडी समिति सोलन के निदेशक प्यारे लाल शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य मंत्री का 29 दिसंबर को सोलन दौरा

error: Content is protected !!