सोलन ज़िला के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को नमन किया।

डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन, तथा रोज़गार और स्वरोज़गार के अवसर बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी शुरू की गई है और 20 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में डायलिसिस सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा 185 चिकित्सकों और सैकड़ों स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।

उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला ने एनीमिया के मामलों में 75% कमी दर्ज कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। कथेड़ में 120 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा बहुउद्देश्यीय अस्पताल और कंडाघाट में 17 करोड़ की लागत से नया अस्पताल जल्द पूरा होगा।

सामाजिक कल्याण योजनाओं का ज़िक्र करते हुए मंत्री ने बताया कि सोलन ज़िला में अब तक 193 करोड़ रुपये खर्च कर 51,409 पात्र लोगों को पेंशन और अन्य लाभ दिए गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना ज़िला के 127 बच्चों के लिए आशा की किरण बनी है।

समारोह में हिमाचली संस्कृति, देशभक्ति और नशा निवारण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। बेहतरीन कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया गया।

यह भी पढ़ें : सोलन में स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया

इस अवसर पर अर्की विधायक संजय अवस्थी, कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी, नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!