ज़िला सोलन में कार्यप्रणाली को पारदर्शी और त्वरित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ई-ऑफिस प्रणाली को लागू करने पर जोर दिया गया है। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन ने आज आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयीन कार्य अब ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस का उद्देश्य पारंपरिक कागजी प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से बदलकर कार्य को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। ई-फाइल सुविधा के माध्यम से अब फाइल का निपटारा कभी भी, कहीं भी और किसी भी समय किया जा सकेगा। इससे कार्य में तेजी आएगी और जनता को भी समय पर सेवाएं मिलेंगी।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने उन विभागों को चेताया जिन्होंने अभी तक अपने कार्यालयों में ई-ऑफिस की शुरुआत नहीं की है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे विभाग तुरंत ई-ऑफिस लागू करें और अपनी आधिकारिक डाक को इसी माध्यम से अन्य विभागों तक भेजना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि ई-ऑफिस का सॉफ्टवेयर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र (NIC) द्वारा विकसित किया गया है। यदि किसी विभाग को तकनीकी कठिनाई आती है, तो वे एन.आई.सी. के ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सोलन अनुज शर्मा (मो. नं. 98050-09799) से प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
राहुल जैन ने सभी विभागों को एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने कार्यालय के कर्मचारियों की हिम एक्सेस पर आईडी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने डिजिटल हस्ताक्षर बनाने के भी निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन (1100) का जिक्र करते हुए कहा कि इस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करना विभागों की जिम्मेदारी है। पोर्टल का नियमित अनुश्रवण किया जाए ताकि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।
बैठक की कार्यवाही का संचालन सहायक आयुक्त नीरजा शर्मा ने किया। इस अवसर पर उद्योग विभाग के महाप्रबंधक सुरेन्द्र ठाकुर, जिला पर्यटन विकास अधिकारी पदमा, एन.आई.सी. के जिला सूचना अधिकारी चंद्र शेखर सहित कई
ई-ऑफिस की शुरुआत से न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली तेज और पारदर्शी होगी बल्कि इसका सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचेगा। अब सरकारी दफ्तरों की लंबी-लंबी फाइलों से निजात मिलेगी और अधिकारी कहीं भी रहते हुए काम कर पाएंगे।
ई-ऑफिस और सेवा संकल्प हेल्पलाइन का प्रभावी क्रियान्वयन सोलन जिला प्रशासन को डिजिटल रूपांतरण की दिशा में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
