स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि जिला के आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। वे यहां चौथी त्रैमासिक जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चकौता धारकों को भूमि का मालिकाना हक निर्धारित समय में दिया जाए। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करते हुए उन्होंने बताया कि रामशहर सीएचसी में शीघ्र एक्स-रे मशीन, धर्मपुर में अल्ट्रासाउंड मशीन और नालागढ़ नागरिक अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की जाएगी।

यह भी पढ़ें : समृद्ध हिमाचल-2045 के लिए 26 अगस्त तक ऑनलाइन सुझाव आमंत्रित

उन्होंने कहा कि कथेड़ में बन रहा बहुउद्देशीय अस्पताल अगले वर्ष तक तैयार होगा और यहां पीजीआई जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सोलन क्षेत्रीय अस्पताल में स्थायी मनोचिकित्सक की नियुक्ति का भी आश्वासन दिया गया।

बैठक में बस रूट बहाली, श्वान नसबंदी, श्वान केंद्र स्थापना, फल-सब्जी दुकानों में मूल्य सूची अनिवार्य करने और सपरून बाईपास पर बहुउद्देशीय बस अड्डा प्रस्ताव भेजने जैसे निर्णय भी लिए गए।

डॉ. शांडिल ने बिजली विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में कम वोल्टेज समस्या हल करने और पुलिस को नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में 130 मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें अधिकतर लोक निर्माण, जल शक्ति, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग से संबंधित थे।

बैठक में विधायक विनोद सुल्तानपुरी, उपायुक्त मनमोहन शर्मा, एसडीएम डॉ. पूनम बंसल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, नगर निगम आयुक्त और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!